ट्रम्प ने ब्लू कोर्ट के साथ पीले रंग की टाई पहनी, पश्चिमी देशों में लेमन यलो रंग आशा और खुशमिजाजी का प्रतीक

भारत दौरे पर पहुंचे अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा, हम 8 हजार मील की दूरी तय करने के बाद भारत यह बताने आए हैं कि अमेरिकियों को भारत से प्यार है। ट्रम्प का यह बयान भारत और अमेरिका के रिश्तों की मिठास को बयां करता है। सिर्फ शब्द ही नहीं ट्रम्प ने अपने पहनावे में जो बदलाव किए वो शांति का संदेश देते हैं। 


शांत और सकारात्मकता का संदेश
सोमवार सुबह जब ट्रम्प अहमदाबाद हवाई अड्डे पर पहुंचे तो ब्लू सूट के साथ येलो टाई पहनी थी। पश्चिमी दुनिया में, लेमन येलो रंग को आशा का प्रतीक माना जाता है, जिसका मतलब है उन्हें भारत से काफी उम्मीदे हैं और शांति का संदेश देना प्राथमिकता में है।


ध्यान आकर्षित करने वाला रंग
वैज्ञानिक तौर पर पीला रंग खुशी, आशा और क्रिएटिविटी का प्रतीक है। कलर सायकोलॉजी के मुताबिक, पीला रंग अधिक ऊर्जा वाला रंग माना जाता है। अक्सर इस रंग का प्रयोग लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करने के लिए किया जाता है। 


ट्रम्प के भाषण की 5 बातें जो बताती हैं उनके लिए भारत कितना अहम...



  • हम 8 हजार मील की दूरी तय करने के बाद यह बताने आए हैं कि अमेरिकियों को भारत से प्यार है। 5 महीने पहले अमेरिका ने आपके महान प्रधानमंत्री का स्वागत किया था। आज भारत ने हमारा दुनिया के सबसे बड़े स्टेडियम में स्वागत किया है।

  • भारत का हमेशा हमारे दिल में विशेष स्थान रहेगा। भारत दुनियाभर में इंसानियत के लिए एक उम्मीद है। यह दुनिया का सबसे नायाब देश है। जो देश अपने लोगों को सभी बंधनों से मुक्त रखता है और उन्हें उनके सपने पूरे करने देता है, वही महान है।

  • हम दुनिया के सबसे बेहतरीन हेलिकॉप्टर, रॉकेट, फाइटर प्लेन बनाते हैं। 3 अरब डॉलर मूल्य के हेलिकॉप्टर हम भारत की सेना को देने जा रहे हैं।

  • भारत और अमेरिका स्पेस के क्षेत्र में भी काम कर रहे हैं। भारत ने चंद्रयान मिशन लॉन्च किया था। इस पर आगे भी काम हो रहा है। अमेरिका इसमें सहयोग करना चाहता है। पहली ह्यूमन स्पेस फ्लाइट के मिशन में भी हम सहयोग के लिए तैयार हैं। 

  • हमारे देशों के बीच कुछ फर्क है, लेकिन आत्मा एक जैसी है। स्वामी विवेकानंद ने इसका एक बार जिक्र किया था। इसी आत्मबल के साथ भारत के लोग हिम्मत बनाए रखते हैं और पूरी दुनिया को एक नई रोशनी दिखाते हैं। भारत सांस्कृतिक विविधिता वाला देश है।